डोनाल्ड ट्रंप बोले, 'हम होर्मुज़ स्ट्रेट में किसी भी जहाज़ पर हमले का जवाब पुल और पावर प्लांट पर बमबारी करके देंगे'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर ईरान को चेतावनी दी है.
उन्होंने पोस्ट में कहा, "अब से, अगर ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट में किसी भी जहाज़ पर मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी अन्य हथियार से हमला करता है, तो अमेरिका ईरान की राजधानी में या उसके आसपास स्थित किसी एक पुल या बिजली संयंत्र पर बमबारी कर उसे नष्ट कर देगा."
यह धमकी ऐसे समय में आई है, जब होर्मुज़ स्ट्रेट और उसके आसपास के समुद्री क्षेत्र में कमर्शियल और सैन्य जहाज़ों पर हमले, ईरान और अमेरिका के बीच टकराव का एक प्रमुख मुद्दा बन गए हैं.
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ईरान पर हाल के हमलों का उद्देश्य ईरान की उस सैन्य क्षमता को कमज़ोर करना है, जिसके जरिए वह समुद्री जहाज़ों के लिए ख़तरा पैदा कर सकता है और इस जलमार्ग में आगे होने वाले हमलों को रोकना है.
वहीं, हाल के सप्ताहों में ईरान कई बार होर्मुज़ स्ट्रेट पर अपने अधिकार की बात दोहरा चुका है. साथ ही, ईरानी बलों पर क्षेत्र में कई जहाज़ों पर हमला करने या उन्हें रोकने के आरोप भी लगे हैं.
इसके जवाब में ईरान ने अमेरिका को युद्ध का दायरा बढ़ाने के लिए ज़िम्मेदार ठहराया है और चेतावनी दी है कि ईरान के बुनियादी ढांचे पर किसी भी हमले का और अधिक कड़ा जवाब दिया जाएगा.