'आर्टिकल 370' के लिए यामी गौतम और 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' के लिए रणदीप हुड्डा को मिला नेशनल अवॉर्ड

इमेज स्रोत, Getty Images
72वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार की घोषणा कर दी गई है. इसमें रणदीप हुड्डा की फ़िल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' को 'बेस्ट डेब्यू फ़िल्म ऑफ़ ए डायरेक्टर' का अवॉर्ड दिया गया है.
यह बायोपिक-ड्रामा हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर की कहानी है. यह फ़िल्म हुड्डा के निर्देशन में बनी पहली फ़िल्म है और इसमें उन्होंने मुख्य भूमिका भी निभाई है.
72वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों में फ़िल्म 'आर्टिकल 370' को साल 2024 की सर्वश्रेष्ठ फ़ीचर फ़िल्म का अवॉर्ड मिला है.
वहीं सर्वश्रेष्ठ हिंदी फ़िल्म का पुरस्कार राजकुमार राव अभिनीत फ़िल्म 'श्रीकांत' को मिला है.
ममूटी और कार्तिक आर्यन ने अपनी फ़िल्मों 'ब्रह्मयुगम' और 'चंदू चैंपियन' के लिए 'बेस्ट एक्टर इन ए लीडिंग रोल' का पुरस्कार साझा किया. ममूटी को चौथी बार राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिला है.
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (मुख्य भूमिका) का पुरस्कार यामी गौतम को फ़िल्म 'आर्टिकल 370' के लिए मिला.
सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार संजय मिश्रा को फ़िल्म 'भक्षक' के लिए दिया गया है.
रणदीप हुड्डा ने क्या कहा

इमेज स्रोत, PIB
72वां नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड उन फ़िल्मों को दिया जा रहा है, जिन्हें केंद्रीय फ़िल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से वर्ष 2024 के दौरान सर्टिफ़िकेट मिला है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ एक प्रेस बयान में रणदीप हुड्डा ने कहा, "…एक अभिनेता, सह-लेखक और पहली बार निर्देशक के तौर पर मैंने इस फ़िल्म में अपना सब कुछ लगा दिया, क्योंकि मुझे लगा कि वीर सावरकर की कहानी को पूरी ईमानदारी और सच्चाई के साथ सामने लाने की बड़ी ज़िम्मेदारी मेरे कंधों पर है."
हुड्डा ने कहा, "इस फ़िल्म को बनाते समय हमने जो भी कठिनाइयां झेलीं, वे उनके जीवन और उनके बलिदानों की तुलना में बहुत छोटी हैं. मैं अपनी पूरी टीम का दिल से आभारी हूं, जिसने इस सपने पर भरोसा किया और हर अच्छे-बुरे दौर में मेरे साथ मज़बूती से खड़ी रही."
उन्होंने आगे कहा, "यह सम्मान हम सभी का है, और मुझे उम्मीद है कि यह ज़्यादा से ज़्यादा लोगों, ख़ासकर युवा पीढ़ी को, वीर सावरकर की विरासत को जानने और उस पर विचार करने के लिए प्रेरित करेगा."

इमेज स्रोत, Getty Images
इन लोगों ने भी मारी बाज़ी
हिंदी फ़िल्म 'आर्टिकल 370' के लिए शाश्वत सचदेव को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का पुरस्कार मिला है.
यामी गौतम में एक्स पर लिखा, "हर सफर में एक ऐसा पल आता है, जो याद दिलाता है कि आपने कभी हार क्यों नहीं मानी. आज मेरे लिए वही पल है. आर्टिकल 370 के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करना मेरे लिए ऐसा सम्मान है, जिसे मैं जीवनभर संजोकर रखूंगी."
उन्होंने आगे लिखा, "पिछले चौदह वर्षों से मैंने सिर्फ अपने काम के प्रति सच्चे रहने, ईमानदारी से काम करने और अपने अभिनय को अपनी पहचान बनने देने की कोशिश की है. यह सम्मान उम्मीद, धैर्य, संघर्ष और सिनेमा के प्रति अटूट प्रेम से भरे सफर की एक बड़ी उपलब्धि जैसा महसूस होता है."
"यह एक ऐसा सपना था, जिसे मैंने वर्षों तक अपने दिल में संजोकर रखा और आज मैं इसे गहरी कृतज्ञता और विनम्रता के साथ स्वीकार कर रही हूं."
इन पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ नॉन-फ़ीचर फ़िल्म का पुरस्कार सुमित्रा रॉय की फ़िल्म 'भंगार' को दिया गया है.
जबकि सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का अवॉर्ड तमिल फ़िल्म 'आमरण' के लिए राजकुमार पेरियासामी को मिला है.
सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार के पुरस्कार के लिए ऋद्धिमान बनर्जी, तपोमय देब, गीताश्री चक्रवर्ती, अरुंदेव पोथुला और अथिश एस. शेट्टी को चुना गया.
सर्वश्रेष्ठ बाल फ़िल्म का अवॉर्ड तेलुगु फ़िल्म 'चिन्ना कथा काडु' को मिला है. इस फ़िल्म के निर्देशक नंदा किशोर एमानी हैं.
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ पुस्तक का पुरस्कार 'नानिरुवुदे निमगागी नादिरुवुदे ननगागी: कन्नड़ सिनेमा का दर्शन एवं राजनीति' के लेखक केंचनूर प्रदीप कुमार शेट्टी को मिला है.
इन पुरस्कारों में तमिल सिनेमा को कुल 10 अवॉर्ड मिले हैं, जिनमें आमरण, कैप्टन मिलर और महाराजा जैसी फ़िल्में उल्लेखनीय रही हैं.
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में मूक (साइलेंट) फ़िल्म 'टच्ड एज़ वाटर' को सर्वश्रेष्ठ एनिमेशन फ़िल्म का अवॉर्ड मिला है. इस फ़िल्म का निर्देशन और एनिमेशन जोशी बेनेडिक्ट ने किया है.
पुष्पा-2 को ये मिला अवॉर्ड

इमेज स्रोत, SUJIT JAISWAL/AFP via Getty Images
दर्शकों के संपूर्ण मनोरंजन के लिए तेलुगु फ़िल्म 'कलकी 2898 एडी' को सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म का अवॉर्ड मिला है.
जबकि सर्वश्रेष्ठ गीत की कैटेगरी में हिन्दी फ़िल्म 'मैदान' ने बाज़ी मारी है. इस फ़िल्म को 'जाने दो...' गीत के लिए यह अवॉर्ड मिला है.
72वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों में 'पुष्पा- द रूल पार्ट 2' (तेलुगु) को सर्वश्रेष्ठ स्क्रीनप्ले राइटर का अवॉर्ड मिला है. इस फ़िल्म को कॉस्ट्यूम डिज़ाइन का अवॉर्ड भी मिला है.
अल्लू अर्जुन ने एक एक्स पोस्ट में 72वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों के सभी विजेताओं को बधाई दी.
उन्होंने लिखा, "पुष्पा-2 के लिए सर्वश्रेष्ठ पटकथा का पुरस्कार जीतने पर मेरे निर्देशक सुकुमार गारु को हार्दिक बधाई. साथ ही सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिज़ाइन के लिए दीपाली और शीतल शर्मा को भी बधाई."
सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का अवॉर्ड भरतबाला गणपति के निर्देशन में बनी 'राम-नामी' (हिंदी) को मिला है.
वहीं गैर-फ़ीचर फ़िल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रथम निर्देशन का अवॉर्ड रवि राज मुर्मू को 'आंगेन' (संताली) के लिए मिला.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.




























