अभिजीत दीपके के पिता बोले- मैं बहुत चिंतित हूं..., श्रीकांत बंगाले

इमेज स्रोत, Kiran Sakle
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने सोमवार को 'चलो संसद' मार्च का आह्वान किया है. सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि उन्हें संसद तक जाने से कोई नहीं रोक सकता.
अभिजीत दीपके ने शनिवार को भूख हड़ताल शुरू की थी, सोमवार को उनकी भूख हड़ताल का तीसरा दिन है. उन्होंने रविवार को ही कहा था कि यह बहुत मुश्किल काम है.
वहीं, अभिजीत दीपके के पिता भगवान दीपके ने बीबीसी मराठी से बातचीत में अपने बेटे की सेहत को लेकर चिंता जताई और अपील की कि सरकार आंदोलनकारियों से बातचीत करे.
भगवान दीपके ने कहा, "अभिजीत ने इससे पहले कभी भूख हड़ताल नहीं की है. अगर वह लंबे समय तक खाना नहीं खाता है, तो उसे चक्कर आने लगते हैं. अगर मैं भी ज्यादा देर तक भूखा रहता हूं तो मुझे चक्कर आने लगते हैं. यह हमारे परिवार में पीढ़ियों से है. उसे अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए. मैं बहुत चिंतित हूं. आज उसकी भूख हड़ताल का तीसरा दिन है."
उन्होंने संसद मार्च को लेकर कहा, "पुलिस को रुकावट पैदा करने वाला रवैया नहीं अपनाना चाहिए. हर किसी को अपने हक़ की मांग करने का अधिकार है. सरकार को लोगों ने चुना है, इसलिए उसे लोगों की बात सुननी चाहिए."
अभिजीत के पिता ने कहा, "यह कोई राजनीतिक आंदोलन नहीं है. पहले भी कई मुद्दों पर कई लोगों (मंत्रियों) ने इस्तीफ़े दिए हैं. मुझे उन लोगों की सोच पर दुख होता है, जो पूछते हैं कि पहले हुई पेपर लीक की घटनाओं के समय ये प्रदर्शनकारी कहां थे."





























