भारत ने रूस के राजनयिक को किया तलब, हमले में चार भारतीयों की मौत पर ये कहा

इमेज स्रोत, AFPTV / AFP via Getty Images
कार्गो शिप एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले में चार भारतीयों की मौत के मामले में भारत सरकार ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास के प्रभारी को तलब किया है.
मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा, स्थिरता और विश्वसनीयता को कमजोर करते हैं.
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में बताया, "आज रूसी दूतावास के प्रभारी (चार्ज द’अफ़ेयर्स) व्लादिमीर लादानोव को विदेश मंत्रालय में समन किया गया. मंत्रालय ने 19 जुलाई 2026 को वाणिज्यिक जहाज़ एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले पर भारत की गंभीर चिंता जताई और सख़्त निंदा की. इस हमले में चार भारतीयों की दुखद मौत हुई."
मंत्रालय ने ज़ोर देकर कहा कि ऐसे हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा, स्थिरता और भरोसे को कमजोर करते हैं."
मंत्रालय ने बताया, "रूसी दूतावास के प्रभारी से कहा गया कि वे अपनी सरकार तक भारत की गंभीर चिंता पहुंचाएं. वाणिज्यिक जहाज़ों को निशाना बनाना और निर्दोष नागरिकों की जान जाना अस्वीकार्य है और इसे रोका जाना चाहिए."
इससे पहले सोमवार को विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि 19 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह से रवाना होते समय एमवी गोल्डन लियो पर हमला हुआ था.
इस हमले में चार भारतीयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य भारतीय नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गया. भारत सरकार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए हमले की कड़ी निंदा की थी.









