कानपुर ज़ू में बर्ड फ़्लू से जंगली मुर्गों की मौत

अंकित शुक्ला
कानपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
कानपुर के एलेन फॉरेस्ट ज़ू में बीते दिनों जंगली मुर्गों की मौत के मामले में बर्ड फ़्लू के इंफेक्शन की पुष्टि हुई है.
भोपाल स्थित इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ फॉरेस्ट मैनेजमेंट में भेजे गए पक्षियों के सैंपल की शनिवार शाम को रिपोर्ट आई है. जिसमें दो रेड जंगल फाउल (जंगली मुर्गे) की बर्ड फ़्लू से मौत की पुष्टि हुई है.
इसके बाद एलेन फारेस्ट ज़ू को सील करते हुए दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है. कानपुर के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एपी मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है. कानपुर ज़ू में 40 प्रजातियों के 500 से ज़्यादा पक्षी हैं.
कानपुर के एलेन फॉरेस्ट ज़ू में बीते दिनों 10 रेड जंगल फाउल की मौत की ख़बर आई थी. ज़ू प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई थी कि 4 पक्षियों की मौत होने के बाद बाड़े में मौजूद बाकी 6 जंगली मुर्गों को भी बर्ड फ़्लू की आशंका के चलते मार दिया गया था.

इमेज स्रोत, Ankit Shukla/BBC
ज़ू के डिप्टी डायरेक्टर एके सिंह ने जानकारी दी कि 4 मुर्गों के कुछ हिस्सों को भोपाल स्थित आइआइएफ़एम में जांच के लिए भेजा गया था. इनमें से दो में बर्ड फ़्लू के संक्रमण की पुष्टि होने की सूचना मिली है.
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एपी मिश्रा ने बताया बर्ड फ़्लू से मौतों की पुष्टि के बाद कानपुर ज़ू को सील करा दिया गया है. इससे पहले सिर्फ़ पक्षियों के बाड़ों को ही बंद किया गया था.

इमेज स्रोत, Ankit Shukla/BBC
कानपुर ज़ू की झील में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी भी आ रहे हैं. वहां बर्ड फ़्लू का संक्रमण कैसे फैला, इसकी पड़ताल की जा रही है.















