गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए
असम के राजधानी शहर गुवाहाटी में कोविड -19 के मामलों में तेज़ी से हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए राज्य सरकार ने शहर के 11 नगरपालिका वार्ड क्षेत्रों में आज रात 9 बजे से पूरी तरह लॉकडाउन करने का आदेश जारी कर दिया है.
दरअसल सरकार ने संपूर्ण लॉकडाउन करने का फ़ैसला इसलिए लिया है क्योंकि बीते दो दिनों में जाँच के दौरान ऐसे क़रीब 144 लोग कोरोना पॉज़िटिव पाए गए, जिनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं रही है.
कामरूप मेट्रो के ज़िला उपायुक्त बिस्वजीत पेगु ने एक प्रेस कांफ्रेंस में लॉकडाउन लागू करने की घोषणा करते हुए कहा, "सामुदायिक स्तर पर संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए संपूर्ण लॉकडाउन करने का फ़ैसला लिया गया है. गुवाहाटी में आज शाम 9 बजे से 11 वार्डों में अगले 14 दिनों के लिए यह पूर्ण लॉकडाउन लागू किया जाएगा."
ज़िला उपायुक्त ने कहा कि वार्ड संख्या 2,3,4,5,6,7,8,9,10, 15 और 16 लॉकडाउन के दायरे में आएंगे.
गुवाहाटी नगर निगम क्षेत्र को 31 नगरपालिका वार्डों में विभाजित किया गया है.
सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, लॉकडाउन वाले इलाक़ों में लोगों को मूवमेंट की बिलकुल इजाज़त नहीं होगी. सभी सरकारी ऑफ़िस, प्राइवेट ऑफ़िस बंद रहेंगे.
सभी प्रकार के व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगें. इन इलाक़ों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी नहीं चलेगा और मंदिर मस्जिद समेत सभी धार्मिक स्थल बंद रहेंगें.
हालांकि इस लॉकडाउन के दौरान सिर्फ़ ज़रूरी वस्तुओं की दुकानें, पेट्रोल पंप, बैंक आदि को खोलने की इजाज़त रहेगी.